ROOPKUND-TUNGNATH 10 SANDEEP PANWAR
हम गोपेश्वर के हर्बल पार्क (जड़ी-बूटी) से बाहर
आने के बाद, एक बार फ़िर से अपनी बाइक पर सवार होकर चोपता के लिये चल दिये। अभी कुछ
दूर ही बढे थे कि आगे
गोपेश्वर शहर की आबादी आरम्भ हो गयी। वैसे गोपेश्वर शहर में ही जिले के सभी
कार्यालय बने हुए है जबकि जिले का नाम चमोली है जो नीचे नदी किनारे पर है। चमोली
में ज्यादा जगह ना होने के कारण गोपेश्वर में जिले से सम्बंधित कार्यालय बनाने पड़े
है। मेरे पास कोई कैमरा नहीं था। इस यात्रा के सारे फ़ोटो मनु के कैमरे से ही लिये
गये थे। मनु ने कैमरे की 4 GB की मैमोरी लगभग
भर चुकी थी, अभी हमें चोपता तुंगनाथ, चन्द्रशिला देखकर उखीमठ होकर लैंसड़ाऊन भी
जाना था यानि कुल मिलाकर अभी 300-400 फ़ोटो तो खजाने
में बढ़ जाने वाले थे। सबसे पहले एक मोबाइल की दुकान के सामने बाइक रोककर कैमरे की
मैमोरी के फ़ोटो पैन ड्राइव में स्थानांतरित कराये गये। इस कार्य में हमें लगभग आधा
घन्टा लग गया था। लेकिन आधे के बदले हमारे पास कैमरे की मैमोरी पूरी तरह सुरक्षित
व खाली हो गयी थी।


